

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

बुधवार को रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह के बाहर चल रहे उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के 17वें दिन धरना स्थल पर पहुंचे।


धरना स्थल पर उपस्थित महासंघ के पदाधिकारियों ने विधायक का स्वागत किया और उन्हें अपना 27 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। महासंघ ने कहा कि वे विकास कार्य प्रभावित न हों, इसलिए सरकार और उनके बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है।


महासंघ ने आरोप लगाया कि शासन में बैठे कुछ अधिकारी उनकी मांगों के प्रति उदासीन हैं और फाइलों को दबा रहे हैं। इसी हठधर्मिता के कारण उन्हें आंदोलन के रास्ते पर आना पड़ा है।


विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने डिप्लोमा इंजीनियर्स को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मांगे पूरी तरह जायज हैं। उन्होंने कहा कि हड़ताल से जहां विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है और जनता को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विधायक ने अधिकारियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि विसंगतियों को दूर करना आवश्यक है और डिप्लोमा इंजीनियर्स के उचित अधिकारों को सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी बताया कि आगामी 10 अप्रैल को नैनीताल और उधम सिंह नगर के विधायकों की समीक्षा बैठक होगी। इसमें सभी विधायक इन मांगों की समीक्षा करेंगे और प्रदेश के मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए समाधान के प्रयास करेंगे।

धरना स्थल पर मौजूद इंजीनियर्स ने विधायक के समर्थन का स्वागत किया और कहा कि उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी मांगों का उचित समाधान नहीं किया जाता।

