मसूरी में पटरी व्यापारियों का विरोध तेज, कल माल रोड पर दुकान लगाने का ऐलान

मसूरी में पटरी व्यापारियों का विरोध तेज, कल माल रोड पर दुकान लगाने का ऐलान

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी में माल रोड से हटाए गए पटरी व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ा निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया कि सभी पटरी व्यापारी कल माल रोड पर अपनी-अपनी दुकानें लगाएंगे और विरोध प्रदर्शन किया ।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि टिहरी बस स्टैंड से गांधी चौक तक एक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी और उनके समर्थक शामिल हुए ।

पटरी व्यापारियों ने आरोप लगाया कि वे पिछले करीब 9 महीनों से बेरोजगार हैं और उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि नगर पालिका द्वारा उनके साथ तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है।

पटरी व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय टम्टा ने कहा कि पिछले एक वर्ष से व्यापारी लगातार परेशान हैं और उनके घरों में आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है, जिसमें न्यायालय ने नगर पालिका को चार सप्ताह के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद माल रोड पर नगर पालिका द्वारा बेंच लगाए जा रहे हैं, जिससे पटरी व्यापारियों को बैठने से रोका जा सके।

पटरी व्यापारी गोविंद प्रसाद नौटियाल ने कहा कि नगर पालिका द्वारा मसूरी की एकमात्र कार पार्किंग पर पालिका बाजार बनाया जा रहा है, जबकि यह पार्किंग पहले श्रमिकों को आवंटित की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नई पार्किंग बनाने के बजाय पुरानी सुविधाओं को भी समाप्त किया जा रहा है।

वहीं समाजसेवी प्रकाश राणा ने कहा कि नगर पालिका गरीबों का हक छीन रही है, जिसके खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर पालिका स्वयं माल रोड पर अतिक्रमण कर रही है, जिससे स्थिति और जटिल होती जा रही है।