
स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

तीर्थनगरी ऋषिकेश में मानवता को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला की तहरीर पर पुलिस ने तीन कथित प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने जैसे संगीन आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है।


मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपियों में से एक कुशाग्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दो आरोपी—मनजीत जौहर और मानव जौहर—फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


पीड़िता के अनुसार, शोषण का यह सिलसिला वर्ष 2021 से जारी था। महिला का आरोप है कि उसके पति के व्यापारिक साझेदारों ने उसकी पारिवारिक परिस्थितियों और मजबूरी का फायदा उठाकर उसे लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।


शिकायत में बताया गया है कि जनवरी 2022 में पहली बार दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इसके बाद फरवरी 2023 में पीड़िता को एक पेंटहाउस में ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और अश्लील तस्वीरें खींची गईं, जिनके जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल किया जाता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे देहरादून और ऋषिकेश के विभिन्न स्थानों पर ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया। इस दौरान उसे उसके बीमार पिता और बेटी को जान से मारने की धमकी दी जाती रही, जिसके चलते वह लंबे समय तक चुप रही।

आखिरकार मानसिक रूप से टूट चुकी पीड़िता ने अपनी बहन को पूरी आपबीती बताई और हिम्मत जुटाकर पुलिस के पास पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

