श्रीनगर के आयुष ने राष्ट्रीय डांस प्रतियोगिता में किया नाम रोशन

श्रीनगर के आयुष ने राष्ट्रीय डांस प्रतियोगिता में किया नाम रोशन

स्थान : श्रीनगर गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल के बांसवाड़ा निवासी और रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास के कक्षा 8 के छात्र आयुष ने “किसमें कितना है दम” डांस प्रतियोगिता में देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त कर प्रथम रनरअप का खिताब अपने नाम किया है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

आयुष की इस शानदार सफलता ने न केवल श्रीनगर क्षेत्र बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धि से युवाओं में भी नई प्रेरणा देखने को मिल रही है।

आयुष की प्रतिभा का सफर श्रीनगर के सरस्वती विद्या मंदिर श्रीकोट से शुरू हुआ, जहां उन्होंने प्रतियोगिता के पहले और दूसरे राउंड को सफलतापूर्वक पार किया। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी जगह फाइनल में पक्की की।

फाइनल राउंड की तैयारी के लिए आयुष ने ग्रूव डांस स्टूडियो में कड़ी मेहनत की। उनके गुरु अभिषेक ने उन्हें डांस की बारीकियां सिखाने में अहम भूमिका निभाई।

26 मार्च को रायात बहारा यूनिवर्सिटी में आयोजित फाइनल प्रतियोगिता में आयुष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम रनरअप का खिताब जीता और ट्रॉफी अपने नाम की।

आयुष की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता विनोद और शालिनी का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

आयुष की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं और उनके और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।