
स्थान : बदरीनाथ
ब्यूरो रिपोर्ट

बदरीनाथ विधानसभा के विधायक लखपत सिंह बुटोला ने सोमवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। यात्रा शुरू होने से पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से उन्होंने विभिन्न स्थानों का दौरा किया।


निरीक्षण के दौरान विधायक बुटोला ने बदरीनाथ मंदिर परिसर का जायजा लिया और वहां चल रहे मास्टर प्लान के दूसरे चरण के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर जानकारी ली।


विधायक ने यात्रा परिपथ, तप्त कुंड क्षेत्र और ब्रह्म कपाल क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन महत्वपूर्ण स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।


इस दौरान उन्होंने मास्टर प्लान से प्रभावित स्थानीय दुकानदारों की समस्याएं भी सुनीं। विधायक ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों के हितों का ध्यान रखते हुए समाधान निकाला जाएगा, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विधायक बुटोला ने कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पुल से लेकर मंदिर परिसर और ब्रह्म कपाल व तप्त कुंड क्षेत्र के आसपास पैदल मार्ग को मजबूत और सुरक्षित बनाया जाए। साथ ही जो कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से चल रहे निर्माण कार्यों के कारण धाम का स्वरूप प्रभावित हुआ है और कई स्थानों पर अव्यवस्था दिखाई दे रही है। इससे तीर्थ यात्रियों के बीच गलत संदेश जा सकता है, जिसे समय रहते सुधारना जरूरी है।

विधायक ने स्पष्ट किया कि कपाट खुलने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी और चाक-चौबंद होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

