
स्थान : मंगलौर
ब्यूरो रिपोर्ट

नारसन विकास खंड कार्यालय परिसर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मानदेय वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर किए गए इस आंदोलन में उन्होंने बाल विकास सुपरवाइजर को मानदेय वृद्धि हेतु ज्ञापन भी सौंपा।


आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, केंद्रों में कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि सभी केंद्रों में तालाबंदी रहेगी और कोई कार्यकर्ता काम में शामिल नहीं होगी।


आंगनबाड़ी कार्यकत्री संगठन की अध्यक्ष अंजू देवी ने कहा कि महंगाई के इस दौर में आंगनबाड़ियों का मानदेय बहुत कम है, जबकि उनके द्वारा किए गए कार्यों की तुलना में यह असंतोषजनक है।


उन्होंने कहा कि समान कार्य के लिए समान वेतन, मानदेय में वृद्धि और आंगनबाड़ी कर्मचारियों को राज्य कर्मचारी घोषित करने जैसी मांगें लंबे समय से अनसुनी की जा रही हैं। यही कारण है कि कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं।
कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि केंद्रों में बच्चों के लिए चल रही सेवाओं को बंद करना उनकी मजबूरी है और सरकार से जल्द समाधान की उम्मीद है।

स्थानीय प्रशासन ने अभी तक इस मामले पर कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं दी है। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती।

इस आंदोलन से क्षेत्र में बच्चों और अभिभावकों को असुविधा हो रही है, लेकिन कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल अपने अधिकारों और उचित वेतन सुनिश्चित करना है।

