
स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

लक्सर तहसील क्षेत्र के अब्दिपुर गांव में राजस्व विभाग की टीम द्वारा एक बार फिर पैमाइश की गई, लेकिन इसके बावजूद अवैध कब्जों की स्थिति जस की तस बनी हुई है। लगातार हो रही पैमाइश के बावजूद जमीन पर कब्जे हटाने की कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।


तहसील प्रशासन की टीम द्वारा बार-बार पैमाइश कर खसरा नंबरों को चिन्हित किया जा रहा है। हालांकि, मौके पर अवैध कब्जे अभी भी बरकरार हैं, जिससे प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


शिकायतकर्ता रविंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने गांव की बंजर और वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत एसडीएम लक्सर और जिलाधिकारी हरिद्वार से की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्हें उच्च न्यायालय नैनीताल का सहारा लेना पड़ा।


उच्च न्यायालय के आदेश पर 26 फरवरी, 27 मार्च और 1 अप्रैल को राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश की गई। इसके अलावा बीच-बीच में भी माप-तौल की कार्रवाई की गई, लेकिन अभी तक कब्जा पूरी तरह नहीं हटाया जा सका है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पहले लाखों रुपये के पॉपुलर पेड़ काटे गए, फिर गन्ने की फसल उगाई गई और अब गेहूं की फसल काटने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द अवैध कब्जा नहीं हटाया गया तो वे फिर से न्यायालय का रुख करेंगे।

कानूनगो अनिल गुप्ता ने बताया कि अब्दिपुर के सभी खसरा नंबरों को चिन्हित कर लिया गया है। जिन लोगों ने अवैध कब्जा किया है, उनकी सूची तैयार कर उप जिलाधिकारी लक्सर को भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई एसडीएम के आदेश के अनुसार की जाएगी।

वहीं वन रेंज अधिकारी महेंद्र गिरी ने बताया कि अभी तक वन विभाग की जमीन स्पष्ट रूप से चिन्हित नहीं की गई है, जिससे विभाग को कार्रवाई में दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि जैसे ही सीमांकन स्पष्ट होगा, वन विभाग अपनी जमीन पर कब्जा लेकर अवैध अतिक्रमण को हटाएगा।

