देहरादून में PRD जवानों का प्रदर्शन, मांगों को लेकर सचिवालय कूच

देहरादून में PRD जवानों का प्रदर्शन, मांगों को लेकर सचिवालय कूच

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। 18 मार्च से एकता विहार में धरने पर बैठे जवानों ने सचिवालय कूच कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश संयोजक प्रमोद मंद्रवाल ने किया। बड़ी संख्या में जवानों ने इसमें भाग लेते हुए अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।

प्रदर्शनकारी जवानों का कहना है कि PRD का गठन वर्ष 1948 में हुआ था और तब से वे हर आपदा, चुनाव और संकट के समय सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते आ रहे हैं।

जवानों ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद सरकार उन्हें अस्थायी रूप से उपयोग कर बाद में नजरअंदाज कर देती है। उनका कहना है कि आपदा और चुनाव के बाद उन्हें बेरोजगार छोड़ दिया जाता है, जिससे उनके सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो जाता है।

प्रदेश संयोजक प्रमोद मंद्रवाल ने कहा कि पीआरडी के बाद बने अन्य संगठनों को सरकार ने कई सुविधाएं दी हैं, लेकिन पुराने विभाग की लगातार अनदेखी की जा रही है। इससे जवानों में भारी असंतोष है।

जवानों ने सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने सरकार से स्थायी रोजगार और बेहतर सुविधाएं देने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब देखना होगा कि सरकार इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है।