
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

त्रिपुलेश्वरी शक्तिपीठ श्री बालाजी मंदिर द्वारा बुधवार को नगर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा का शुभारंभ बरेली रोड स्थित लक्ष्मी शिशु मंदिर से हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आस्था और उल्लास का माहौल बनाया।


शोभा यात्रा के दौरान विभिन्न झांकियों ने सभी भक्तों का मन मोह लिया। प्रमुख झांकियों में पंचमुखी हनुमान, काली का अखाड़ा, राम दरबार, महाकाल की भस्म आरती, लंका दहन, और भगवान जगन्नाथ की झांकी शामिल रही। यह सभी झांकियां अत्यधिक सुंदर और आकर्षक रही।


सिंधी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा और मुखानी चौराहे पर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का फूलों की वर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। भक्तिमय वातावरण और उत्साह के बीच श्रद्धालुओं ने इस धार्मिक परंपरा का आनंद लिया।


शोभायात्रा का समापन श्री बालाजी मंदिर में हुआ। यात्रा के समापन के बाद मंदिर व्यवस्थापक पूर्ण चंद्र पाठक ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

पूर्ण चंद्र पाठक ने बताया कि यह शोभायात्रा पिछले 18 वर्षों से नियमित रूप से निकाली जा रही है और नगरवासियों के लिए आस्था का महत्वपूर्ण अवसर रही है।

उन्होंने आगे बताया कि गुरुवार को मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा, जिसके बाद शाम को भजनों की प्रस्तुति और दिव्या दरबार का आयोजन किया जाएगा।

मंदिर प्रशासन और स्थानीय भक्तों ने मिलकर इस आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कर आस्था एवं सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत बनाए रखा।

