बाजपुर में गन्ना भुगतान पर प्रेस वार्ता, राज्य मंत्री मंजीत सिंह राजू ने जताया आभार

बाजपुर में गन्ना भुगतान पर प्रेस वार्ता, राज्य मंत्री मंजीत सिंह राजू ने जताया आभार

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

दर्जा प्राप्त गन्ना राज्यमंत्री मंजीत सिंह राजू ने प्रेस वार्ता कर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान और गेहूं के समर्थन मूल्य में वृद्धि पर सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में उठाए गए ये कदम सराहनीय हैं।

राज्यमंत्री ने बताया कि पूर्व में 24 मार्च को हुई प्रेस वार्ता में 15 अप्रैल 2026 तक किसानों और मजदूरों का बकाया भुगतान करने की बात कही गई थी, लेकिन समय से पहले ही भुगतान की धनराशि जारी हो जाने पर उन्होंने प्रसन्नता जताई।

उन्होंने जानकारी दी कि गन्ना सीजन 2025-26 के बकाया भुगतान के लिए डोईवाला, नादेही, बाजपुर और किच्छा की चारों चीनी मिलों को धनराशि जारी की गई है। इनमें सबसे अधिक 20 करोड़ रुपये बाजपुर चीनी मिल को दिए गए हैं, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।

राज्यमंत्री ने पुष्कर सिंह धामी और नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है।

इसके साथ ही उन्होंने गेहूं खरीद पर न्यूनतम समर्थन मूल्य में 160 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी को भी किसानों के लिए लाभकारी बताया और केंद्र सरकार के इस फैसले की सराहना की।

चीनी मिल मजदूरों के बकाया रिटर्निंग अलाउंस को लेकर उन्होंने कहा कि इसका भुगतान भी 15 अप्रैल तक कर दिया जाएगा, जिससे मजदूरों को आर्थिक राहत मिलेगी।

वहीं बाजपुर में भाजपा के अंदर गुटबाजी और हाल ही में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान हुए अलग-अलग स्वागत कार्यक्रमों के सवाल पर मंजीत सिंह राजू ने कहा कि पार्टी में मौजूद कमियों को दूर किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने का आह्वान किया।