
स्थान – हल्द्वानी

ब्यूरो रिपोट

नगर निगम क्षेत्रांतर्गत भगवानपुर, दमुवाढुंगा, नारायण नगर बिठौरिया और गोकुल नगरी कुसुमखेड़ा में महापौर गजराज बिष्ट ने अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” का भव्य शुभारंभ किया।


महापौर गजराज बिष्ट ने बताया कि हल्द्वानी-काठगोदाम में कुल 10 ऐसे केंद्र खोले जाएंगे। प्रशिक्षित एमबीबीएस चिकित्सकों की टीम प्रतिदिन सामान्य रोगों की जांच, परामर्श और उपचार की निःशुल्क सुविधाएँ उपलब्ध कराएगी।


इन केंद्रों में आवश्यक दवाइयाँ, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, बच्चों का टीकाकरण, वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच और एनसीडी (हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं कैंसर) की प्राथमिक जांच एवं परामर्श भी प्रदान किए जाएंगे।


महापौर ने बताया कि ये केंद्र विशेष रूप से उन इलाकों में स्थापित किए जा रहे हैं, जहां गरीब, निर्धन और श्रमिक वर्ग के लोग निवास करते हैं, ताकि उन्हें अस्पतालों तक आने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिल सके।

कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि डॉ. अशोक चौहान ने बताया कि केंद्र सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुला रहेगा। डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड प्रणाली और टेलीमेडिसिन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

महापौर ने आश्वासन दिया कि नगर निगम द्वारा केंद्रों के सुचारु संचालन और आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ नगर, सुरक्षित नागरिक” का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपनी सेहत के प्रति जागरूक होकर नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा कंचन उप्रेती, स्थानीय पार्षद और सम्मानित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इससे पहले रामपुर रोड़ देवलचौड़ और गौजाजाली में भी दो ऐसे केंद्र खोले जा चुके हैं।

