
स्थान – लक्सर

ब्यूरो रिपोट

उत्तराखंड की राजनीति में अपने बयानों के लिए चर्चित पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियान पिछले कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में चैंपियन ने अपने विरोधियों पर तीखे शब्दों की झड़ी लगा दी है।


वीडियो में चैंपियन ने न केवल अपने चरित्र पर लग रहे आरोपों का जवाब दिया, बल्कि कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को उनकी पुरानी यादें ताज़ा करने की नसीहत भी दी। उनका अंदाज़ और वक्तव्य सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।


चैंपियन ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और अन्य नेताओं को सीधे तौर पर निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जो लोग उनके खिलाफ बोल रहे हैं, उन्हें अपने अतीत को याद करना चाहिए और खुद अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।

वीडियो में चैंपियन ने साल 2002 के दौर को भी याद किया और हरक सिंह रावत व प्रीतम सिंह पर तीखे बाण छोड़े। उन्होंने मुंबई के ‘डांस बार’ वाले कथित वाकये का ज़िक्र करते हुए विरोधियों को चुनौती दी।

पूर्व विधायक ने इस दौरान अपनी विद्वता और फिटनेस का भी प्रदर्शन किया और कहा कि कोई भी भाषा, ज्ञान या फिटनेस के मामले में उनसे मुकाबला कर सकता है। वीडियो के अंत में उन्होंने अपने ‘राजवंश’ और ‘किसान’ होने पर गर्व जताया और “जय उत्तराखंड” का नारा बुलंद किया।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी वीडियो के जारी होने के बाद चैंपियन के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला उत्तराखंड की जनता के सामने सही दिशा दिखाने के बजाय भ्रम फैला सकता है।
अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि चैंपियन और कांग्रेस नेताओं की यह जुबानी जंग राज्य की राजनीति में किस मोड़ और बदलाव की शुरुआत कर सकती है। आम जनता और समर्थक दोनों ही इस बहस को लेकर उत्सुक हैं।

