
स्थान : हल्द्वानी (बनभूलपुरा)

रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

लगभग 29 से 30 एकड़ रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में आज Supreme Court of India का अहम फैसला आने की संभावना है। जानकारी के अनुसार, मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट की 36 नंबर फाइल में सूचीबद्ध है और दोपहर लगभग 2 बजे निर्णय सुनाया जा सकता है।


फैसले को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। बनभूलपुरा क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे क्षेत्र की ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है।


पीएसी, फायर ब्रिगेड और टियर गैस दल सहित भारी पुलिस बल तैनात है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।


स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे पिछले लगभग 50 वर्षों से इस क्षेत्र में रह रहे हैं और उनके पूर्वज भी यहीं निवास करते आए हैं। उनका कहना है कि जो भी फैसला सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिया जाएगा, वह उन्हें मान्य होगा। वहीं रेलवे विभाग उक्त भूमि पर अपना स्वामित्व जता रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की है कि फैसले के बाद शांति बनाए रखें, किसी भी अफवाह या भ्रामक खबर पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया सहित हर स्तर पर निगरानी बनाए हुए है।

अब सबकी नजर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिकी है। देखना होगा कि यह निर्णय किस पक्ष में जाता है और आगे की स्थिति क्या रूप लेती है।

