कोसी बैराज में कार पलटी खाकर नदी में गिरी, चालक गंभीर

कोसी बैराज में कार पलटी खाकर नदी में गिरी, चालक गंभीर

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोट

रविवार की देर रात कोसी बैराज क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर कोसी नदी में गिर गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और कार में सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, बालाजी मंदिर की ओर से एक स्विफ्ट कार कोसी बैराज की तरफ जा रही थी। इसी दौरान चालक ने गति पर नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे बनी लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए कई पलटी खाकर नदी में गिर गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और स्थानीय सहायता की मदद से कार में फंसे चालक को निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल चालक की पहचान रामनगर के ईशांत अग्रवाल, उम्र 38 वर्ष, के रूप में हुई है। वह अपनी कार से बैराज की तरफ जा रहे थे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर सीओ, पुलिस कर्मी और दमकल विभाग की टीम पहुंची। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।

सीओ सुमित पांडे ने बताया कि ईशांत अग्रवाल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

उन्होंने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस हर पहलू की पड़ताल कर रही है। फिलहाल, दुर्घटना की वजह तेज गति और नियंत्रण खोने को माना जा रहा है।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित ड्राइविंग का पालन करें और सड़क किनारे खतरनाक मोड़ों पर विशेष सतर्कता बरतें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।