नर्सिंग एकता मंच की रैली पर रोक, पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोका; हरक सिंह रावत के नेतृत्व में निकली रैली

नर्सिंग एकता मंच की रैली पर रोक, पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोका; हरक सिंह रावत के नेतृत्व में निकली रैली

ब्यूरो रिपोर्ट

स्थान – देहरादून

नर्सिंग एकता मंच अपनी लंबित मांगों को लेकर आज परेड ग्राउंड के पास विरोध रैली निकालने पहुंचा, लेकिन पुलिस प्रशासन ने रैली की अनुमति न देते हुए मंच के सदस्यों को रोक लिया और उन्हें एकता विहार धरना स्थल भेज दिया। इस कार्रवाई का नर्सिंग कर्मचारियों ने कड़ा विरोध जताया।

पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद मौके पर गर्मा–गर्म स्थिति बन गई। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत वहां पहुंचे और उन्होंने पुलिस द्वारा रैली न निकालने देने की कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने कहा,
“इस तरह की तानाशाही नहीं चलेगी। प्रत्येक नागरिक को अपनी मांगें रखने और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने का पूरा अधिकार है।”

हरक सिंह रावत के पहुंचते ही नर्सिंग कर्मचारियों में उत्साह बढ़ा और उन्होंने उनके नेतृत्व में रैली निकाली।

नर्सिंग एकता मंच ने विभाग पर लगाया भेदभाव का आरोप

नर्सिंग एकता मंच के सचिव ने कहा कि विभाग उनके साथ दोगला व्यवहार कर रहा है। उन्होंने बताया,
“हमारे वरिष्ठ साथियों को वर्षवार भर्ती के आधार पर नियुक्ति दी गई थी, लेकिन अब जब हमारी बारी आई है तो प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया गया है। यह सरासर अन्याय है।”

नर्सिंग कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था का हवाला देते हुए रैली रोकने की बात कही, जबकि नर्सिंग मंच और विपक्ष ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर रोक बताया।