कैंची धाम में आतंकी हमले की तैयारी को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने मॉक ड्रिल आयोजित की

कैंची धाम में आतंकी हमले की तैयारी को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने मॉक ड्रिल आयोजित की

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम मंदिर में संभावित आतंकी विस्फोट की स्थिति से निपटने के लिए नैनीताल पुलिस ने (04.12.2025) एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। यह अभ्यास SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में संपन्न हुआ।

मॉक ड्रिल की थीम बम विस्फोट के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई और राहत एवं बचाव कार्य को केंद्र में रखकर तैयार की गई थी। परिकल्पना के अनुसार, मंदिर परिसर में तीन विस्फोट हुए। कंट्रोल रूम में सूचना प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए हाई अलर्ट जारी किया। अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी भवाली श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल ने मौके पर कमान संभाली और पूरे इलाके को सील कर दिया।

आतंकवाद निरोधक दस्ते की टीम ने जवाबी कार्रवाई के दौरान छुपे हुए आतंकवादियों में से दो को मार गिराया और तीन को जिंदा गिरफ्तार किया। पकड़े गए आतंकवादियों को पूछताछ के लिए थाने भेजा गया।

ड्रिल में परिकल्पित बम विस्फोट में एक नागरिक की मृत्यु और तीन नागरिकों के घायल होने का भी सीन प्रस्तुत किया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया और मृतकों के पोस्टमार्टम का अभ्यास किया गया। मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

मॉक ड्रिल में स्थानीय पुलिस के अलावा पीएसी, एसडीआरएफ, आतंकवाद निरोधक दस्ते, बीडीएस, डॉग स्क्वाड, फॉरेंसिक मोबाइल यूनिट, मेडिकल टीम, संचार टीम, ड्रोन टीम, मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने भी सक्रिय भाग लिया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के अभ्यास से वास्तविक आपात स्थितियों में त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सकेगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा बेहतर ढंग से की जा सकेगी।