
टॉप : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) कैंप मुख्यालय हल्द्वानी में आयोजित पूर्व अर्धसैनिक बलों के सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अर्धसैनिक बलों के वीर जवानों ने कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से अरुणाचल तक हर मोर्चे पर अदम्य साहस, शौर्य और समर्पण के साथ देश की सेवा की है। तिरंगे की शान बढ़ाने में इन वीर सपूतों का योगदान अविस्मरणीय है।


मुख्यमंत्री ने अर्धसैनिक बलों के जवानों को वीरता, साहस और देशभक्ति का प्रतीक बताया और उन्हें राष्ट्र की शान कहा।

मुख्यमंत्री ने किए कई कल्याणकारी ऐलान

मुख्यमंत्री धामी ने अर्धसैनिक बलों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:

- प्रेजिडेंट पुलिस मेडल-गैलेन्ट्री प्राप्त अर्धसैनिकों को एकमुश्त ₹5 लाख की अनुदान राशि।
- पूर्व अर्धसैनिक और वीर नारी, जिनके पास कोई अचल सम्पत्ति नहीं है, को उत्तराखंड में जीवनकाल में एक बार अचल सम्पत्ति क्रय पर 25% स्टाम्प शुल्क की छूट।
- उत्तराखंड राज्य अर्धसैनिक बल कल्याण परिषद का क्रियाशील करना और इसके लिए पुलिस मुख्यालय में कार्यालय कक्ष आवंटित।
- सैनिक कल्याण निदेशालय में उपनिदेशक (अर्धसैनिक) और बड़े जिलों के जिला सैनिक कल्याण कार्यालयों में सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (अर्धसैनिक) के पद स्वीकृत।
- अर्धसैनिकों के बच्चों को शादी हेतु धनराशि प्रदान करने की व्यवस्था।
- CGHS भवन निर्माण हेतु तत्काल भूमि चयन के निर्देश।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक कभी भी ‘भूतपूर्व’ नहीं होता, वह जीवनपर्यंत सैनिक ही रहता है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं सैनिक परिवार से आते हैं और सैनिकों व उनके परिवारों की चुनौतियों को नजदीक से समझते हैं।

शहीदों के सम्मान में बढ़ाई गई अनुग्रह राशि

- राज्य सरकार ने शहीद अर्धसैनिकों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख की।
- अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र से अलंकृत वीरों की पुरस्कार राशि और वार्षिक अनुदान में वृद्धि।
- शहीदों की स्मृति में स्मारक और शहीद द्वार निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है।
- इस वर्ष 10 वीर बलिदानियों के लिए नए स्मारकों की स्वीकृति।
- शहीदों के परिजनों के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजन की व्यवस्था।

सम्मेलन में CRPF के IG भानु प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री धामी का यह संबोधन अर्धसैनिक बलों के सम्मान और उनके कल्याण को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

