चकराता में गर्भवती दलित महिला से दुष्कर्म, दबंग आरोपी पर केस दर्ज; महिला आयोग ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए

चकराता में गर्भवती दलित महिला से दुष्कर्म, दबंग आरोपी पर केस दर्ज; महिला आयोग ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए

लोकेशन – विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून जिले के चकराता क्षेत्र से एक शर्मनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अनुसूचित जाति की छह माह की गर्भवती महिला से गांव के ही एक दबंग युवक द्वारा दिनदहाड़े दुष्कर्म किए जाने का मामला उजागर हुआ है।

जानकारी के मुताबिक पीड़िता अपने मायके में बूढ़ी दीवाली मनाने चकराता-जौनसार बावर स्थित गांव गई थी। इसी दौरान आरोपी युवक ने कथित रूप से महिला को जबरन शौचालय में घसीटकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद से आरोपी पीड़िता और उसके पति पर मामला दबाने का दबाव बना रहा था।

पीड़िता ने अंततः हिम्मत जुटाकर राजस्व पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद राजस्व पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला आयोग सख्त, केस रेगुलर पुलिस को सौंपने के निर्देश

इस अमानवीय घटना का संज्ञान महिला आयोग ने तुरंत लिया और आरोपी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। आयोग ने यह भी कहा है कि मामले को रेगुलर पुलिस में ट्रांसफर किया जाए ताकि निष्पक्ष जांच के साथ आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जा सके।

राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज

घटना सामने आने के बाद पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस मामले की जानकारी राहुल गांधी सहित कई वरिष्ठ नेताओं को भी भेजी है और दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

गांव में तनाव, पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़िता को सुरक्षा व न्याय दिलाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और महिला आयोग इस पूरे प्रकरण पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।