

स्थान – रानीखेत

रिपोर्टर – संजय जोशी


पांडवों की ऐतिहासिक शरणस्थली पांडवखोली में महंत बलवंत गिरी जी महाराज की 32वीं पुण्यतिथि पर आयोजित वार्षिकोत्सव मंगलवार को विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। द्वाराहाट–कुकुछीना मार्ग स्थित स्वर्गपुरी आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों और आकर्षक मेले में क्षेत्रीय लोगों और श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला।



महंत बलवंत गिरी जी महाराज, जिन्होंने पांडवखोली स्वर्गपुरी में लंबे समय तक तप किया, उनकी पुण्यतिथि पर रूद्रीपाठ, हवन, पूर्णाहुति और भंडारे का आयोजन किया गया। पांडव काल से जुड़ी दुर्लभ पाषाण प्रतिमाओं की विशेष पूजा-अर्चना भी की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों व युवाओं के लिए कई मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं।


समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों—सिटी मॉन्टेसरी स्कूल गनियाद्योली रानीखेत, राजकीय इंटर कॉलेज दूनागिरी, एम. डी. तिवारी इंटर कॉलेज द्वाराहाट, प्राथमिक विद्यालय चरी, जूनियर हाईस्कूल खोलियाबांज, प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूल दुधोली तथा जीजीआईसी द्वाराहाट—के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।



कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह बिष्ट ने किया।
इस अवसर पर पथ भ्रमण संघ द्वारा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।

पथ भ्रमण संघ के अध्यक्ष हरीश लाल साह ने महंत बलवंत गिरी जी महाराज की पुण्यतिथि समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।



