

स्थान – हरिद्वार

रिपोर्टर – शहजाद अली


हरिद्वार जिला प्रशासन ने राशन कार्ड धारकों के लिए व्यापक ई-केवाईसी और सत्यापन अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य ने बताया कि अब राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है।


उन्होंने बताया कि पहले केवल परिवार के मुखिया के आधार पर दस्तावेजों की जांच होती थी, लेकिन अब प्रत्येक सदस्य का आधार से बायोमेट्रिक सत्यापन, फिंगरप्रिंट और पहचान की पुष्टि की जाएगी। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही भविष्य में राशन निर्बाध रूप से मिलेगा। फिलहाल राशन वितरण पर कोई रोक नहीं लगाई गई है।




जिला पूर्ति अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द ई-केवाईसी करवाएँ, ताकि आगे किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि शासन से अपात्र व्यक्तियों की सूची—जैसे आय अधिक होने वाले, मृतक या बाहर रहने वाले—प्राप्त हो चुकी है, जिनकी जांच कर उनके नाम राशन कार्ड से हटाने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।



इस अभियान से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी राशन कार्ड केवल योग्य परिवारों तक ही सीमित रहें, और वितरण में पारदर्शिता एवं सुचारु व्यवस्था बनी रहे।


