

स्थान – खटीमा ऊधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

सीमांत क्षेत्र खटीमा में मानसून के दौरान जलभराव एक आम समस्या बनी हुई है। वहीं, कल शाम से लगातार हो रही भारी बारिश ने खटीमा और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। निचले इलाकों में जलभराव का दृश्य देखने को मिल रहा है, जिससे नागरिकों को आवागमन और दैनिक जीवन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।



प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा चुका है। हालांकि जलभराव से नागरिक चिकित्सालय पूरी तरह जलमग्न हो गया है, वहीं राजीव नगर, अमाऊ, पकड़िया बंगाली कॉलोनी, प्रतापपुर, अमाउं-मयूर विहार मेलाघाट, अल्केमिस्ट रोड, आवास विकास – कंजाबाग, बरीअंजनिया सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।




स्थानीय लोगों में पिछले वर्ष 7 और 8 जुलाई की बाढ़ की दहशत एक बार फिर उभर कर देखने को मिल रही है। भारी बारिश के चलते प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में भोजन और पानी की व्यवस्था की है, साथ ही राहत कार्य तेजी से जारी हैं।




तहसीलदार विरेंद्र सिंह सजवान ने बताया कि प्रशासन द्वारा बाढ़ पीड़ितों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर रखा जा रहा है, तथा उन्हें भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा प्रभावित परिवारों का सर्वे करके उनकी मदद सुनिश्चित की जाएगी।


प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे संयम और धैर्य से काम लें और राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग करें। इसके साथ ही, प्रशासन ने स्थानीय निवासियों को चेतावनी दी है कि वे खतरनाक इलाकों में न जाएँ और समय-समय पर जारी किए जा रहे निर्देशों का पालन करें।



