ISKCON मंदिर में भव्य रूप से मनाई गई राधा अष्टमी, सैकड़ों भक्त हुए शामिल

ISKCON मंदिर में भव्य रूप से मनाई गई राधा अष्टमी, सैकड़ों भक्त हुए शामिल

हल्द्वानी। मुखानी स्थित ISKCON मंदिर में इस वर्ष राधा अष्टमी का पर्व बड़ी श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आना-जाना शुरू हो गया था। पूरे दिन वातावरण भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक उल्लास से गूंजता रहा।

शाम चार बजे से मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसमें भक्तों ने श्रीमती राधारानी की स्तुति में भजन गाए और विशेष हरिनाम संकीर्तन किया। इसके बाद राधारानी का पुष्पाभिषेक कर श्री श्री राधा श्याम सुंदर को 108 प्रकार के भोग अर्पित किए गए। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्ति और रंग-बिरंगे पुष्पों से सजा दिखाई दिया।

इसके पश्चात भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया। सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में बुक स्टॉल, मैचलेस गिफ्ट्स स्टॉल और आध्यात्मिक ज्ञान केंद्र लगाए गए, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र बने। वहीं सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के लिए विशेष आकर्षण रहा, जहाँ भक्तों ने अपने यादगार क्षण कैमरे में कैद किए।

मंदिर प्रबंधन की ओर से नीताई प्रेम प्रभु ने अपने संदेश में कहा कि श्रीमती राधारानी की सेवा से हृदय में शुद्ध भक्ति का संचार होता है। उन्होंने बताया कि यह पर्व हमें यह सीख देता है कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा पाने का सर्वोत्तम मार्ग श्रीमती राधारानी की शरण ग्रहण करना है।

दिनभर मंदिर परिसर में आने वाले भक्तों को आध्यात्मिक जीवन और सनातन धर्म की महत्ता समझाई गई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी श्रद्धालु भजन-कीर्तन और महाप्रसाद का आनंद लेते नजर आए।

सभी सेवकों और भक्तों के सहयोग से यह पर्व बेहद भव्य और अविस्मरणीय बन सका। राधा अष्टमी के इस आयोजन ने हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक माहौल को और भी जीवंत कर दिया।