“एक पेड़ मां के नाम” — हरेला पर्व पर नैनीताल पुलिस ने रोपे 369 फलदार पौधे

“एक पेड़ मां के नाम” — हरेला पर्व पर नैनीताल पुलिस ने रोपे 369 फलदार पौधे

स्थान : नैनीताल

उत्तराखंड की संस्कृति, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हरेला पर्व को इस बार नैनीताल पुलिस ने खास अंदाज में मनाया। पर्व की थीम “हरेला का त्योहार मनाओ, धरती मां का त्राण चुकाओ — एक पेड़ मां के नाम” को सार्थक करते हुए जनपद नैनीताल के सभी थानों, पुलिस इकाइयों व शाखाओं में वृक्षारोपण किया गया।

इस पर्यावरणीय मुहिम का नेतृत्व एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के मार्गदर्शन में हुआ, जिनकी प्रेरणा से जनपद भर में 369 फलदार पौधों का रोपण किया गया।

मुख्य कार्यक्रम थाना काठगोदाम में

थाना काठगोदाम में वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहे:

डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम/ट्रैफिक, नैनीताल
प्रकाश चंद्र, एसपी सिटी, हल्द्वानी
नितिन लोहनी, सीओ सिटी हल्द्वानी
हरकेश सिंह, प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइन
पंकज जोशी, थानाध्यक्ष, काठगोदाम
साथ ही अधीनस्थ पुलिस बल के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

पुलिस बनी पर्यावरण प्रहरी

वृक्षारोपण के दौरान पुलिस कर्मियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया गया और देवभूमि उत्तराखंड की जैव विविधता को सहेजने की प्रेरणा दी गई। सभी पुलिस कर्मियों ने “एक पेड़ मां के नाम” लगाकर धरती को सकारात्मक प्राणवायु से परिपूर्ण करने का संकल्प लिया।

जिलेभर में चला हरित अभियान

इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी कार्यालयों, थानों, शाखाओं और पुलिस लाइन्स में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुए। सभी ने मिलकर इस पारंपरिक पर्व को आधुनिक पर्यावरणीय चेतना के साथ जोड़ते हुए एक प्रेरणादायक संदेश दिया।

हरेला पर्व पर नैनीताल पुलिस की यह हरित पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण की दिशा में एक अहम कदम है।