स्वच्छता कर्मचारियों की समस्याओं पर समीक्षा बैठक, एरियर भुगतान में लापरवाही पर फटकार

स्वच्छता कर्मचारियों की समस्याओं पर समीक्षा बैठक, एरियर भुगतान में लापरवाही पर फटकार

हल्द्वानी, 12 जून (संवाददाता):
उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने गुरुवार को नगर निगम हल्द्वानी में एक अहम विभागीय समीक्षा बैठक की।

बैठक में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं, कल्याणकारी योजनाओं और पुनर्वास कार्यों को लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट ली गई और आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए उपाध्यक्ष ने एसडीएम को उनके विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति करने के निर्देश दिए।

वहीं, सफाई कर्मचारियों के लंबित एरियर भुगतान में लापरवाही बरतने पर वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल को फटकार लगाई गई। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि एक माह के भीतर समस्त बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की बात करते हुए मकवाना ने कहा कि दस हजार की आबादी पर 28 कर्मचारियों की तैनाती के मानक के अनुसार बोर्ड बैठक में अतिरिक्त नियुक्ति का प्रस्ताव लाया जाए। उन्होंने आउटसोर्स कर्मियों को पीएफ और ईएसआई के लाभ देने पर भी जोर दिया।

हाथ से मैला उठाने वाले कर्मियों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से कर पुनर्वास योजनाओं का लाभ पहुंचाने की बात कही गई। साथ ही मृतक आश्रितों की नियुक्ति में संवेदनशीलता और विवेक का प्रयोग करने की अपील की गई।

उपाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा संचालित योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए बहुद्देशीय शिविर आयोजित करने तथा महर्षि वाल्मीकि चौक के शीघ्र सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए।

बैठक में एसडीएम राहुल शाह, सीएमओ डॉ. हरीश पंत, डॉ. मनोज कांडपाल सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।