राजभवन नैनीताल में ‘एक शाम सैनिकों के नाम’ कार्यक्रम 11 जून को, वीरता और बलिदान को मिलेगा सम्मान

राजभवन नैनीताल में ‘एक शाम सैनिकों के नाम’ कार्यक्रम 11 जून को, वीरता और बलिदान को मिलेगा सम्मान

रिपोर्ट : ललित जोशी
स्थान : नैनीताल

उत्तराखंड के वीर सपूतों की अतुलनीय सेवाओं और शौर्य को सम्मानित करने के लिए राजभवन नैनीताल में 11 जून 2025 को एक भव्य आयोजन ‘एक शाम सैनिकों के नाम’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की विशेष पहल राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से नि) गुरमीत सिंह द्वारा की गई है।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड न केवल देवभूमि, बल्कि वीरभूमि भी है। हर घर से सेना में सेवा देने का जज्बा इस भूमि के युवाओं में है। स्वतंत्रता से पहले और बाद में यहां के वीरों ने राष्ट्र की सेवा और बलिदान में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि, “देश पर बलिदान होने वाला हर पाँचवां सैनिक उत्तराखंड से होता है। यही कारण है कि हर वर्ष लगभग 20 से 30 सैनिक वीरता पदकों से सम्मानित किए जाते हैं।”

वीरों के सम्मान का मंच बनेगा राजभवन

कार्यक्रम के तहत राज्य के उन वीरता पदक प्राप्त सैनिकों, सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों, और सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें प्रशंसा पत्र भेंट कर राज्य की कृतज्ञता प्रकट की जाएगी।

यह कार्यक्रम राज्यपाल द्वारा पूर्व में देहरादून में सफलतापूर्वक आयोजित इस अभिनव पहल का विस्तार है, जिसे अब कुमाऊँ मंडल के राजभवन नैनीताल में किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री व सैनिक कल्याण मंत्री रहेंगे उपस्थित

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विशिष्ट अतिथि सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद रहेंगे। राजभवन के भव्य प्रांगण में होने वाला यह आयोजन उत्तराखंड की गौरवशाली सैन्य परंपरा को श्रद्धांजलि और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।