

स्थान : मसूरी
रिपोर्ट : सुनील सोनकर


मसूरी-देहरादून मार्ग पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दो अलग-अलग वाहनों पर सवार कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पानी वाले पेंट के पास हुआ।


बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल
घटना में बाइक सवार दो युवक बुरी तरह से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से एक निजी वाहन से मैक्स अस्पताल देहरादून भेजा गया। वहीं स्कूटी पर सवार दो अन्य लोगों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।


नशे में धुत थे कार सवार, मौके से हुए फरार
चश्मदीदों के मुताबिक, कार में सवार चारों लोग नशे की हालत में थे और हादसे के बाद घटनास्थल से फरार हो गए। हादसे की भयावहता को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।


मसूरी पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर
सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस और 108 एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और कार सवार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जांच जारी, आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मसूरी पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। वाहन का नंबर ट्रेस किया जा चुका है और जल्द ही फरार आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


यह हादसा न सिर्फ ट्रैफिक नियमों की अनदेखी बल्कि नशे में वाहन चलाने की घातक प्रवृत्ति को भी उजागर करता है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी संदिग्ध वाहन या चालक की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।




