बरसात से पहले नगर की तैयारियों का जायजा, एसडीएम नवाजिश खालिक ने दिए जरूरी निर्देश

बरसात से पहले नगर की तैयारियों का जायजा, एसडीएम नवाजिश खालिक ने दिए जरूरी निर्देश

स्थान : नैनीताल

जिलाधिकारी वंदना सिंह के निर्देश पर रविवार को उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक ने विभागीय अधिकारियों के साथ नैनीताल नगर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व नगर की सुरक्षा और स्वच्छता तैयारियों की समीक्षा करना था।

नालों की सफाई में लापरवाही पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने पाया कि नगर के तीन से चार बड़े नालों में सुचारू रूप से सफाई नहीं हो रही है, जिससे बरसात के दौरान जलभराव और गंदगी की आशंका बढ़ जाती है। इस पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तत्काल सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि बरसात से पहले सभी जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसी प्रकार की आपदा या जनहानि से बचा जा सके।

सुरक्षा दीवार और चट्टान से खतरे पर दिए निर्देश

लोनिवि अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चार्टन लॉज के समीप निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार का कार्य प्राथमिकता से जल्द पूरा किया जाए।
वहीं जॉय विला कम्पाउंड के पास स्थित एक चट्टान से लगातार पत्थर गिरने की संभावना को देखते हुए, एसडीएम ने सिंचाई विभाग को तुरंत सर्वे कर स्थाई समाधान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

नगर में विशेष साफ-सफाई अभियान का निर्देश

नगर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर एसडीएम नवाजिश खालिक ने नगर पालिका ईओ को निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए और संवेदनशील स्थलों पर नियमित निगरानी रखी जाए।

जनहित में सख्त कदम

उप जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, और इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करनी होगी। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग, लोनिवि, नगर पालिका, और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बरसात से पहले प्रशासन की यह सक्रियता नगरवासियों में सुरक्षा और भरोसे का भाव पैदा कर रही है, और आगामी दिनों में इससे नगर की आपदा प्रबंधन क्षमता को बल मिलेगा।