भाजपा नेताओं के सेना पर बयान के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, हल्द्वानी बुध पार्क में फूंका पुतला

भाजपा नेताओं के सेना पर बयान के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, हल्द्वानी बुध पार्क में फूंका पुतला

रिपोर्ट : रिहान खान
स्थान : हल्द्वानी

हल्द्वानी से इस समय की बड़ी खबर सामने आई है, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय सेना को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा कथित रूप से दिए गए विवादित बयानों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बुध पार्क में भाजपा नेताओं का पुतला दहन कर कड़ा विरोध जताया।

सेना के अपमान का आरोप

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा सेना के संबंध में दिया गया बयान देश की सुरक्षा और गौरव के साथ सीधा खिलवाड़ है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि “भारतीय सेना देश की अस्मिता, शौर्य और सम्मान का प्रतीक है। उस पर सवाल उठाना राष्ट्रविरोधी कृत्य है।

उन्होंने भाजपा नेताओं से विवादित बयान को तत्काल वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

राहुल गांधी पर कार्रवाई को बताया राजनीति प्रेरित

प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर हो रही कानूनी कार्रवाई को भी राजनीति से प्रेरित बताया। उनका कहना था कि राहुल गांधी बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे ज्वलंत मुद्दों पर जनता की आवाज बनकर सरकार से सवाल पूछते हैं, लेकिन केंद्र सरकार उन्हें बार-बार निशाना बनाकर लोकतांत्रिक विरोध को दबाने की कोशिश कर रही है।

शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन

बुध पार्क में हुआ यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन में शहर के अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता, युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के सदस्य भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सेना पर बयान देने वालों पर कार्रवाई नहीं की गई और राहुल गांधी के खिलाफ उत्पीड़न जारी रहा, तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

यह विरोध प्रदर्शन साफ संदेश देता है कि देश की सेना के गौरव के मुद्दे पर विपक्ष किसी भी तरह की टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं करेगा।