एसएसपी की सख्त चेतावनी: नाबालिग को स्कूटी देना पड़ेगा भारी, वाहन स्वामी पर होगी कड़ी कार्रवाई

एसएसपी की सख्त चेतावनी: नाबालिग को स्कूटी देना पड़ेगा भारी, वाहन स्वामी पर होगी कड़ी कार्रवाई

स्थान : हल्द्वानी

जनपद नैनीताल में यातायात व्यवस्था को सख्ती से लागू कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने बड़ा कदम उठाया है। एसएसपी ने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन, नाबालिगों से वाहन चलवाना, शराब पीकर वाहन संचालन और रैश ड्राइविंग जैसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

नाबालिग के हाथ स्कूटी, मालिक पर कार्रवाई की तैयारी

हल्द्वानी क्षेत्र में एक नाबालिग द्वारा स्कूटी चलाए जाने का मामला सामने आने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर जांच की। गहन पूछताछ के दौरान पता चला कि स्कूटी के स्वामी श्री रॉबिन अश्वनी सिंह, पुत्र सुंदर सिंह, निवासी चाँदमारी, काठगोदाम (नैनीताल) हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे टैक्सी संचालन का कार्य करते हैं।

नाबालिग को वाहन सौंपना मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है, जिस पर पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

वाहन स्वामियों को चेतावनी

एसएसपी मीणा ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी वाहन स्वामी अपने वाहन को नाबालिग को सौंपता है, तो उसके खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।

जनता से सहयोग की अपील

पुलिस प्रशासन ने सभी अभिभावकों और वाहन मालिकों से अपील की है कि वे नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए न दें और सड़क सुरक्षा के नियमों का कड़ाई से पालन करें।

एसएसपी ने कहा कि “एक छोटी सी लापरवाही किसी की जिंदगी छीन सकती है, इसलिए समय रहते सतर्क रहें और नियमों का पालन करें।”

पुलिस की इस सख्ती को आमजन की सुरक्षा की दिशा में एक जरूरी और प्रभावी कदम माना जा रहा है।