

स्थान -हल्द्वानी

हल्द्वानी, 18 अप्रैल – बनभूलपुरा क्षेत्र में जिला प्रशासन द्वारा 18 अवैध रूप से संचालित मदरसों को सील करने की कार्रवाई की गई है। प्रशासनिक इस कदम को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शिक्षा की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।



इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस शासनकाल में अवैध गतिविधियों को संरक्षण मिला, और इन्हीं दिनों में इन अवैध मदरसों की नींव रखी गई।“


डब्बू ने वर्तमान सरकार की नीति का समर्थन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार वैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली सरकार है और वह बिना किसी भेदभाव के जनहित में कठोर निर्णय लेने से नहीं हिचकती।


“सभी धर्मों का सम्मान, पर अवैधता बर्दाश्त नहीं”
डेमोग्राफी परिवर्तन जैसे संवेदनशील मुद्दे पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “राज्य सरकार सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करती है, लेकिन यदि कोई व्यक्ति या संस्था समाज की संस्कृति और कानून के विरुद्ध कार्य करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।“

डब्बू ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी भी समुदाय को निशाना बनाने के उद्देश्य से नहीं की गई है, बल्कि शिक्षा की पारदर्शिता, कानूनी प्रक्रिया और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम था।


