

स्थान- खटीमा उद्यम सिंह नगर

रिपोर्ट -अशोक सरकार

खटीमा विकासखंड के अंतर्गत स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की गैरहाजिरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों की शिकायत पर खंड शिक्षा अधिकारी ने संज्ञान लेते हुए हायर सेकेंडरी स्कूल जादवपुर के प्रिंसिपल राकेश नगाइस को मौके पर भेजा। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय उलानी के हेड मास्टर विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए।



विद्यालय की भोजन माता ने भी पुष्टि की कि हेड मास्टर नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते। इस पर ग्राम प्रधान प्रीति राना ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया।


वहीं, प्राथमिक विद्यालय उलानी के हेड मास्टर सुरेंद्र कुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे नियमित रूप से विद्यालय आते हैं और उनके प्रयासों से ही विद्यालय की स्थिति सुधरी है। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग बदले की भावना से उनके खिलाफ शिकायत कर रहे हैं।
इस घटना के बाद शिक्षा विभाग से मांग उठ रही है कि ऐसे शिक्षकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो।



