मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया 74वें ऐतिहासिक गौचर मेले का शुभारंभ, सात दिनों तक दिखेगी लोक संस्कृति की झलक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया 74वें ऐतिहासिक गौचर मेले का शुभारंभ, सात दिनों तक दिखेगी लोक संस्कृति की झलक

स्थान : गौचर/चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14 नवंबर 2025 को जनपद चमोली के ऐतिहासिक गौचर मेला मैदान में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। सात दिवसीय इस प्रसिद्ध मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने गौचर मेले को उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनपद चमोली पहुंचने पर गौचर हवाई पट्टी में जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर चमोली पुलिस के जवानों ने सेरिमोनियल ड्रेस में मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ऐतिहासिक गौचर मेला मैदान पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति में मेले के उद्घाटन की औपचारिकताएं पूरी की गईं।

गौचर मेला मैदान में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित करने के बाद पंडित गोविंद प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान जिलाधिकारी चमोली ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और मेले के ऐतिहासिक महत्व को प्रमुखता से याद किया गया। मुख्यमंत्री ने मेले के आयोजन से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता, शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया। वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविंद प्रसाद नौटियाल स्मृति पत्रकार सम्मान’ प्रदान किया गया। वहीं, वरिष्ठ लेखक कृति नवानी को ‘पंडित महेशानंद नौटियाल शिक्षा व साहित्य प्रसार सम्मान’ से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाल दिवस के अवसर पर सभी बच्चों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और सामुदायिक एकता का जीवंत प्रतीक है। यह मेला विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला संस्कृति, बाजार और उद्योग के उत्कृष्ट समन्वय का अनूठा उदाहरण है। इस आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। साथ ही स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उद्यमियों और व्यापारियों के लिए अपनी प्रतिभा तथा उत्पादों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

सात दिवसीय गौचर मेले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोकनृत्य, लोकगीत, हस्तशिल्प एवं औद्योगिक प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त खेल प्रतियोगिताएं, स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन और व्यापारिक गतिविधियां भी मेले का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। मेले के माध्यम से स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों, व्यापारियों और उद्यमियों को अपनी प्रतिभा एवं उत्पाद प्रदर्शित करने के लिए विशेष मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

गौचर मेले का इतिहास वर्ष 1943 से जुड़ा हुआ है। तत्कालीन डिप्टी कमिश्नर गढ़वाल के सुझाव पर इसकी शुरुआत एक व्यापारिक मेले के रूप में हुई थी। समय के साथ यह आयोजन औद्योगिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया। आज गौचर मेला अपनी ऐतिहासिक परंपराओं और सांस्कृतिक विशेषताओं के कारण उत्तराखंड के प्रमुख मेलों में शामिल है। यह आयोजन प्रदेश की लोक संस्कृति और व्यापारिक विरासत को एक साथ प्रस्तुत करता है।

उद्घाटन समारोह में चमोली के प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जलागम परिषद उपाध्यक्ष रमेश गड़िया, जड़ी-बूटी सलाहकार समिति उपाध्यक्ष बलबीर घुनियाल, बीकेटीसी चारधाम यात्रा सलाहकार माधव प्रसाद सेमवाल, राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद अध्यक्ष रामचंद्र गौड़, उपाध्यक्ष हरक सिंह नेगी, अनुसूचित जनजाति आयोग उपाध्यक्ष प्रेम सिंह राणा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, भाजपा जिला महामंत्री अरुण मैठाणी और विनोद कनवासी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट तथा मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।