टनकपुर में एसओजी की बड़ी कार्रवाई, 40 नग साल की लकड़ी बरामद, खटीमा वन रेंज की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

टनकपुर में एसओजी की बड़ी कार्रवाई, 40 नग साल की लकड़ी बरामद, खटीमा वन रेंज की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

भारत-नेपाल सीमा से सटे टनकपुर और खटीमा क्षेत्र में वन संपदा की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। वन विभाग की एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर टनकपुर के आमबाग क्षेत्र में छापेमारी कर साल प्रजाति की करीब 40 नग चिरान की गई लकड़ी बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद खटीमा वन रेंज की निगरानी व्यवस्था और स्थानीय अधिकारियों की सक्रियता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार 12 नवंबर को वन विभाग की एसओजी टीम ने प्रभारी नवीन रैकवाल के नेतृत्व में खटीमा वन रेंज के अंतर्गत आने वाले टनकपुर के आमबाग क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने हरीश जोशी की लकड़ी की टाल पर छापेमारी करने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई।

तलाशी अभियान के दौरान टीम को काली पन्नी से ढककर रखी गई साल प्रजाति की करीब 40 नग चिरान की गई लकड़ी मिली। लकड़ी के भंडारण को संदिग्ध मानते हुए टीम ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि टाल स्वामी की ओर से लकड़ी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत किए गए, लेकिन संदेह के आधार पर विभाग ने लकड़ी जब्त कर मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल लकड़ी की वैधता और उसके स्रोत की जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई ने खटीमा वन रेंज की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जब बाहरी एसओजी टीम को मुखबिर के जरिए संदिग्ध लकड़ी के भंडारण की जानकारी मिल सकती है, तो स्थानीय स्तर पर तैनात वन अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? क्षेत्र में वन संपदा की सुरक्षा के लिए तैनात विभागीय अमले की निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है, यह भी जांच का विषय बन गया है।

स्थानीय स्तर पर चकरपुर, खटीमा और आसपास के वन क्षेत्रों में अवैध लकड़ी कटान तथा तस्करी की शिकायतें लगातार सामने आने की बात कही जा रही है। आरोप है कि कुछ स्थानों पर हाईवे के किनारे तक पेड़ों का कटान किया जा रहा है और लकड़ी को वाहनों में भरकर एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है, लेकिन लगातार उठ रही शिकायतों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली को सवालों के घेरे में ला दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लकड़ी कटान और तस्करी की शिकायतें क्षेत्र में कोई नई बात नहीं हैं। वन संपदा की सुरक्षा के लिए नियमित गश्त, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और प्रभावी कार्रवाई बेहद जरूरी है। लोगों का सवाल है कि यदि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था मजबूत है, तो बार-बार संदिग्ध लकड़ी भंडारण और अवैध कटान की शिकायतें क्यों सामने आ रही हैं?

मामले में स्थानीय वन विभाग के अधिकारियों से जानकारी लेने और उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकारियों ने कैमरे पर बयान देने से इनकार कर दिया। वहीं एसओजी प्रभारी नवीन रैकवाल से फोन पर बातचीत की गई। उन्होंने छापेमारी और लकड़ी बरामदगी की जानकारी दी। साथ ही बताया कि वह फिलहाल बाहर हैं। ऐसे में जब्त लकड़ी के स्रोत, दस्तावेजों की जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल स्थानीय स्तर पर जवाबदेही का है। आखिर जिन क्षेत्रों में वन संपदा की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय रेंज अधिकारियों की है, वहां संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी बाहरी टीम को पहले कैसे मिल रही है? जरूरत इस बात की है कि खटीमा वन रेंज के चकरपुर, आमबाग और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाई जाए तथा लकड़ी कटान और तस्करी से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी नवीन रैकवाल के साथ वन दरोगा कृष्ण चंद्र शर्मा, नवीन बरोलिया, सीजी गोस्वामी, वन आरक्षी ललित बिष्ट और वाहन चालक चंदन बेदी शामिल रहे। फिलहाल वन विभाग मामले की जांच में जुटा है। अब देखना होगा कि जांच में जब्त लकड़ी के स्रोत और वैधता को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं और वन संपदा की सुरक्षा के लिए स्थानीय स्तर पर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।