

स्थान : भीमताल, नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट


सरोवर नगरी नैनीताल से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित पर्यटन नगरी भीमताल में 14 और 15 नवंबर को दो दिवसीय लेक कार्निवाल का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्निवाल में उत्तराखंड की लोक संस्कृति के साथ बॉलीवुड संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। दोनों दिन सांस्कृतिक और मनोरंजन से भरपूर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


लेक कार्निवाल आयोजन समिति के सचिव नितेश राणा ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। आयोजन में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।




कार्निवाल के पहले दिन 14 नवंबर को शाम सात बजे से डांठ, भीमताल में उत्तराखंड फोक नाइट का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकगायिका स्वाति भट्ट और लोकप्रिय लोकगायक किशन महिपाल अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम में पहाड़ी लोकगीतों और पारंपरिक संगीत की धूम रहेगी।


फोक नाइट में अल्मोड़ा का विहान सांस्कृतिक ग्रुप भी अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां देगा। कलाकारों द्वारा उत्तराखंड की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की जाएगी। आयोजन समिति का कहना है कि यह कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।


कार्निवाल के दूसरे दिन 15 नवंबर को शाम सात बजे से बॉलीवुड नाइट का आयोजन किया जाएगा। इसमें दिल्ली का प्रसिद्ध द तत्व बैंड अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेगा। बॉलीवुड गीतों की धुनों पर भीमताल में संगीत और उत्साह का माहौल देखने को मिलेगा।

बॉलीवुड नाइट के दौरान रुद्रपुर का हुड़किया बैंड भी अपनी प्रस्तुति देगा। इस दौरान आधुनिक संगीत के साथ पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों का आनंद भी दर्शक उठा सकेंगे। आयोजन समिति ने दोनों दिन के कार्यक्रमों को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।



कार्निवाल के दौरान यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजन समिति के अनुसार डांठ पार्किंग और दीनदयाल पार्क स्थित पार्किंग स्थल बंद रखे जाएंगे। इसके विकल्प के रूप में एलपी इंटर कॉलेज और जिला पंचायत डाक बंगले में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों और पर्यटकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। समिति का कहना है कि लेक कार्निवाल के माध्यम से भीमताल की पर्यटन पहचान को और मजबूती मिलेगी। साथ ही स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी प्राप्त होगा।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सहसंयोजक पंकज जोशी, उपाध्यक्ष नीतेश बिष्ट, सांस्कृतिक सचिव पूरन जोशी, संयुक्त सचिव शरद पांडे और मोहित पडियार, कमल जोशी, पंकज उप्रेती, प्रकाश कनोजिया, प्रकाश आर्या, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत तथा सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल सहित अन्य पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

