

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी


मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने विकासखंड हल्द्वानी का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की अनुपस्थिति और सरकारी योजनाओं के लिए आवंटित धनराशि का पूरा उपयोग नहीं होने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विकासखंड में संचालित वीबीजी रामजी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), ग्रामोत्थान, विधायक निधि, सांसद निधि, पंचायतीराज, युवा कल्याण, समाज कल्याण और लघु सिंचाई विभाग से संबंधित योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं की प्रगति और आवंटित बजट के उपयोग की जानकारी प्राप्त की।




निरीक्षण में 5 कर्मचारी अनुपस्थित, 7 बिना स्वीकृति अवकाश पर


औचक निरीक्षण के दौरान विकासखंड हल्द्वानी में पांच कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जबकि सात कर्मचारी बिना अवकाश स्वीकृत कराए छुट्टी पर चले गए थे। इस गंभीर लापरवाही पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए खंड विकास अधिकारी हल्द्वानी को संबंधित सभी 12 कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।


मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित कर्मचारियों का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो उनकी अनुपस्थिति की संबंधित तिथि का वेतन आहरित नहीं किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयों में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
विकास योजनाओं की धनराशि खर्च नहीं होने पर नाराजगी



समीक्षा के दौरान विधायक निधि, सांसद निधि, राज्य वित्त और पंद्रहवें वित्त आयोग की योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त धनराशि का पूर्ण उपयोग नहीं होने का मामला भी सामने आया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवंटित धनराशि का शीघ्र उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के लिए उपलब्ध धनराशि का समय पर उपयोग किया जाना आवश्यक है, ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच सके। विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब और बजट के उपयोग में लापरवाही से योजनाओं की प्रगति प्रभावित होती है। ऐसे में संबंधित अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं।
भीमताल के खंड विकास अधिकारी भी बिना अनुमति मुख्यालय से बाहर
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी भीमताल से दूरभाष पर वार्ता की। इस दौरान जानकारी मिली कि खंड विकास अधिकारी बिना अवकाश स्वीकृत कराए और बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय से बाहर गए हुए थे। कार्यालय से अनुपस्थित रहने के मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने उनका स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
भीमताल में 3 कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की कार्रवाई की संस्तुति
वहीं, खंड विकास अधिकारी भीमताल कार्यालय में तीन कर्मचारियों के अनुपस्थित पाए जाने का मामला भी सामने आया है। इन कर्मचारियों के विरुद्ध सेवा समाप्ति की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी नैनीताल को संस्तुति की जा रही है। इस कार्रवाई से विकासखंड कार्यालयों में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर सख्ती के संकेत मिले हैं।
मुख्य विकास अधिकारी के औचक निरीक्षण से विकासखंड कार्यालयों की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर जवाबदेही का मुद्दा सामने आया है। निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना निदेशक डीआरडीए श्रीमती चंदा फर्त्याल, खंड विकास अधिकारी बीएस बिष्ट, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

