
स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

क्यारकूली-भट्टा ग्रामसभा क्षेत्र में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए मोनिका रावत ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य और स्थानीय समर्थक मौजूद रहे।

मोनिका रावत के समर्थन में पहुंचे पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सृष्टि रावत के पति आशीष रावत ने कहा कि मोनिका को क्षेत्र की जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि मोनिका क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों और पूर्व में किए गए वादों को आगे बढ़ाने में सक्षम होंगी।


आशीष रावत ने बताया कि उनकी पत्नी सृष्टि रावत पूर्व में क्षेत्र पंचायत सदस्य थीं। सरकारी विभाग में चयन होने के बाद सृष्टि रावत को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था, जिसके कारण उनके कार्यकाल में प्रस्तावित कुछ विकास कार्य पूरे नहीं हो सके।


उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अधूरे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से गांव की बेटी और अपने भाई की पत्नी मोनिका रावत को चुनाव मैदान में उतारा गया है। उनका कहना है कि मोनिका स्थानीय समस्याओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं से अच्छी तरह परिचित हैं।


आशीष रावत के अनुसार मोनिका रावत ने क्षेत्र की जनता के साथ ही सहसपुर ब्लॉक के 15 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के सहयोग से नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि नामांकन के दौरान समर्थकों की उपस्थिति उनके प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि सृष्टि रावत के कार्यकाल में क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाओं और कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया था, लेकिन सरकारी सेवा में चयन होने के कारण उन्हें पद छोड़ना पड़ा। अब मोनिका रावत के माध्यम से उन विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।



इस अवसर पर सहसपुर ब्लॉक प्रमुख अर्चना ने भी मोनिका रावत के नामांकन के दौरान समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना होगा और मोनिका द्वारा क्षेत्र की जो भी समस्याएं उनके समक्ष रखी जाएंगी, उनके समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा।

नामांकन के दौरान समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। मोनिका रावत ने क्षेत्र की जनता के सहयोग से विकास कार्यों को गति देने और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने का संकल्प जताया।

