
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव का मतदान अंतिम चरण में पहुंच गया है। दोपहर 2 बजे तक मतदान होना है और अंतिम समय में प्रत्याशियों के समर्थकों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। कॉलेज के बाहर अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थक माइक और भोंपू के जरिए अपने-अपने उम्मीदवार के समर्थन में नारे लगाते नजर आ रहे हैं। अंतिम घंटों में माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा हुआ है।

अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मेहुल शाह और धीरज बिष्ट के समर्थक भी लगातार छात्र-छात्राओं से मतदान की अपील कर रहे हैं। समर्थक अपने प्रत्याशी के नाम के नारे लगाकर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।


मतदान के अंतिम चरण में हर खेमे की कोशिश है कि अधिक से अधिक समर्थक मतदान केंद्र तक पहुंचें। यही वजह है कि दोपहर के समय प्रचार और संपर्क अभियान और तेज हो गया है।


कॉलेज के मुख्य गेट और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी भी लगातार जारी है। अनावश्यक भीड़ जमा न हो, इसके लिए पुलिसकर्मी छात्रों और समर्थकों को निर्धारित स्थानों पर रहने के निर्देश दे रहे हैं।


मतदान सुबह 9 बजे शुरू हुआ था और दोपहर 2 बजे तक चलेगा। अंतिम एक घंटे को प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

छात्र-छात्राओं की आवाजाही भी लगातार बनी हुई है। कई विद्यार्थी अंतिम समय में मतदान करने के लिए कॉलेज पहुंच रहे हैं, जिससे मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी की संभावना है।




मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू की जाएगी। इसके बाद अध्यक्ष समेत अन्य पदों पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला सामने आएगा।
फिलहाल कॉलेज के बाहर हर खेमे में जोश है। कोई मेहुल शाह के समर्थन में नारे लगा रहा है तो कोई धीरज बिष्ट के पक्ष में प्रचार कर रहा है। अब सबकी नजर दोपहर 2 बजे तक होने वाले अंतिम मतदान और उसके बाद शुरू होने वाली मतगणना पर टिकी है।

