
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख्ती बरती। इसी बीच पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष मनीष चंद्र और पुलिस के बीच बहस हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें कॉलेज परिसर से बाहर कर दिया।

बताया जा रहा है कि चुनाव के दौरान कॉलेज परिसर में केवल अधिकृत और आवश्यक लोगों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष की मौजूदगी को लेकर पुलिसकर्मियों ने आपत्ति जताई।


मौके पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए मनीष चंद्र को कॉलेज परिसर से बाहर कर दिया।


घटना के बाद मनीष चंद्र की ओर से पुलिस पर बदसलूकी किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि पुलिस की ओर से इस आरोप पर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। कॉलेज परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

मुख्य गेट और परिसर के संवेदनशील हिस्सों में पुलिस बल तैनात है। किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से भीड़ लगाने या चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं दी जा रही है।



इस बार पुलिस प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट किया था कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष और पुलिस के बीच हुई इस बहस ने कुछ समय के लिए माहौल गरमा दिया, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर ली गई।
फिलहाल मतदान प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। पुलिस का कहना है कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अव्यवस्था पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

