2027 विधानसभा चुनाव को लेकर चम्पावत प्रशासन ने तेज की तैयारी, बूथ से लेकर सुरक्षा तक की समीक्षा

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर चम्पावत प्रशासन ने तेज की तैयारी, बूथ से लेकर सुरक्षा तक की समीक्षा

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी नोडल और विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध तैयारी के निर्देश दिए गए।

बैठक में मतदान एवं मतगणना कार्मिकों, निर्वाचन व्यय निगरानी टीमों, नोडल अधिकारियों और चुनावी कार्यों में लगाए जाने वाले अन्य कार्मिकों का डाटाबेस तैयार करने की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्व स्पष्ट रूप से तय कर निर्धारित समयसीमा में तैयारी पूरी करने को कहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने पी-3 श्रेणी के मतदान केंद्रों के निरीक्षण के साथ सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन समय से पूरा करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों तक पहुंच मार्ग, बिजली, पेयजल, शौचालय, रैम्प और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच कर कमियों को चुनाव से पहले दूर करने को कहा गया।

दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की सुविधा पर भी विशेष जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को दिव्यांग मतदाताओं की मैपिंग, वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाताओं का विवरण अद्यतन करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्र मतदाताओं के लिए होम वोटिंग की तैयारी समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

मतदाता जागरूकता के लिए जिला स्वीप प्लान तैयार करने को कहा गया है। इसके तहत युवा, महिला, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले मतदाताओं तक मतदान का संदेश पहुंचाने तथा अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।

बैठक में ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच की तैयारियों, वल्नरेबिलिटी मैपिंग, कानून-व्यवस्था और निर्वाचन व्यय निगरानी की भी समीक्षा हुई। संवेदनशील क्षेत्रों और मतदान केंद्रों का समय से आकलन कर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिलना चाहिए। निर्वाचन व्यय की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों की प्रभावी निगरानी और निर्धारित टीमों की सक्रियता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

निर्वाचन कार्यों के लिए आवश्यक हल्के और भारी वाहनों, सुरक्षा बलों और चुनाव सामग्री के आवागमन तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के ठहरने की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। सुरक्षा बलों के लिए पेयजल, बिजली, आवास और स्वच्छता जैसी सुविधाओं वाले स्थान पहले से चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने और प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। चम्पावत जिले में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए लोहाघाट और चम्पावत विधानसभा क्षेत्रों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब औपचारिक रूप से तेज हो गई हैं।