
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

शहर में गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ आरटीओ प्रवर्तन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

आरटीओ प्रवर्तन अनीता चमोला ने बताया कि अभियान विशेष रूप से रॉन्ग साइड चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की गई।


चेकिंग अभियान के दौरान कुल 40 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 21 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई।


आरटीओ की ओर से यह कार्रवाई शहर के व्यस्त इलाकों आईएसबीटी, आशारोड़ी, मोब्बेवाला, मंडी और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में की गई। इन इलाकों में व्यस्त समय के दौरान अक्सर वाहन चालक समय बचाने के लिए गलत दिशा में वाहन चलाते पाए जाते हैं।


अभियान को प्रभावी बनाने के लिए परिवहन विभाग की चार अलग-अलग टीमें तैनात की गई थीं। इनमें इंटरसेप्टर, टास्क फोर्स और बाइक स्क्वॉड शामिल रहे। टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर निगरानी कर नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
आरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि ट्रैफिक के विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ केवल चालान तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। ऐसे वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की सिफारिश भी की जा रही है।




परिवहन विभाग का कहना है कि कुछ वाहन चालक थोड़ी दूरी और समय बचाने के लिए रॉन्ग साइड वाहन चलाते हैं, लेकिन इस तरह की लापरवाही से सड़क हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। खासकर व्यस्त सड़कों पर सामने से आ रहे वाहनों के लिए ऐसी स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है।
सड़क सुरक्षा को देखते हुए परिवहन विभाग ने रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। चिन्हित मार्गों और व्यस्त क्षेत्रों में अब साप्ताहिक स्तर पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
आरटीओ प्रवर्तन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी परिस्थिति में गलत दिशा में वाहन न चलाएं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान, वाहन सीज और लाइसेंस संबंधी कार्रवाई जारी रहेगी।

