चंपावत में भारी बारिश का रेड अलर्ट, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

चंपावत में भारी बारिश का रेड अलर्ट, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 26 सितंबर को चंपावत जिले में भारी से बहुत भारी और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिला प्रशासन के अनुसार कक्षा एक से 12 तक संचालित सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय बंद रहेंगे। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जबकि पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मनीष कुमार ने मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। आईआरएस से जुड़े अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा गया है।

तहसीलदारों, राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बने रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तरीय अधिकारियों को बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने और मोबाइल फोन हर समय चालू रखने को कहा गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और अन्य सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि बारिश के कारण किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने पर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उसे जल्द से जल्द यातायात के लिए खोला जाए।

पुलिस थानों और चौकियों को आपदा प्रबंधन उपकरणों एवं वायरलेस व्यवस्था के साथ अलर्ट रहने को कहा गया है। एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमों को भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है।

प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि भारी बारिश के दौरान कहीं लोगों के फंसने की स्थिति बनती है तो उनके लिए तत्काल भोजन, आवश्यक सामग्री और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आमजन से भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों, गधेरों, जलभराव वाले इलाकों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और संवेदनशील सड़क मार्गों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है।

चंपावत जिले में बारिश के कारण नदी-नालों के जलस्तर पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है। जिला प्रशासन ने लोगों से केवल आधिकारिक मौसम और प्रशासनिक सूचनाओं पर भरोसा करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला आपदा परिचालन केंद्र या स्थानीय प्रशासन को जानकारी देने की अपील की है।