
स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

सिनेमा गली स्थित रामलीला ग्राउंड में श्री राम ध्वज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर स्थापना की गई। ध्वज स्थापना के साथ ही इस वर्ष आयोजित होने वाली रामलीला का औपचारिक शुभारंभ हो गया।

इस अवसर पर रामलीला समिति के पदाधिकारी, मंचन में भाग लेने वाले स्थानीय कलाकार और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।



कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने कहा कि विकासनगर में रामलीला मंचन की समृद्ध और गौरवशाली परंपरा रही है। पिछले 48 वर्षों से स्थानीय कलाकार रामलीला का मंचन करते आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाती है और हर वर्ष बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी रामलीला देखने पहुंचते हैं। इससे धार्मिक परंपराओं के साथ स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती मिलती है।



नीरज अग्रवाल ने क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता से अपील की कि आगामी 6 अक्टूबर से शुरू होने वाली रामलीला में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और मंचन करने वाले कलाकारों का उत्साहवर्धन करें।
समिति की ओर से बताया गया कि इस वर्ष के आयोजन का प्रमुख आकर्षण 9 अक्टूबर को निकलने वाली भव्य श्री राम बारात होगी। श्री राम बारात मंडी परिसर से शुरू की जाएगी।




शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की ओर से शोभायात्रा का स्वागत किए जाने की तैयारी की जा रही है।
रामलीला समिति के पदाधिकारियों और कलाकारों ने आयोजन को भव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया। मंचन से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और कलाकार लगातार अभ्यास में जुटे हुए हैं।
ध्वज स्थापना के बाद क्षेत्र में रामलीला को लेकर उत्साह का माहौल है। समिति को उम्मीद है कि इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक रामलीला मंचन तथा श्री राम बारात में शामिल होंगे।

