सड़क सुरक्षा के प्रति वाहन चालकों को किया जागरूक, दोपहिया वाहनों पर लगाए रिफ्लेक्टर

सड़क सुरक्षा के प्रति वाहन चालकों को किया जागरूक, दोपहिया वाहनों पर लगाए रिफ्लेक्टर

स्थान : खटीमा (ऊधम सिंह नगर)
रिपोर्टर – अशोक सरकार

उत्तरांचल जीवन ज्योति ट्रस्ट की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। सत्रह मील मझोला चौकी क्षेत्र में आयोजित अभियान के दौरान ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को रोककर हेलमेट की उपयोगिता और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। कार्यकर्ताओं ने वाहन चालकों से सुरक्षित यात्रा के लिए अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की।

इस दौरान ट्रस्ट की ओर से दोपहिया वाहनों पर रिफ्लेक्टर भी लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने बताया कि रात के समय रिफ्लेक्टर लगे होने से वाहन दूर से दिखाई देते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है।

ट्रस्ट के अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने कहा कि उत्तरांचल जीवन ज्योति ट्रस्ट का उद्देश्य आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी कई बार गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बनती है।

उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना न केवल वाहन चालक के जीवन को खतरे में डालता है, बल्कि उसके परिवार के लिए भी चिंता का कारण बन सकता है। इसलिए प्रत्येक दोपहिया वाहन चालक को हेलमेट का प्रयोग जरूर करना चाहिए।

ईश्वर सिंह ने बताया कि अभियान के तहत लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने के साथ वाहनों पर सुरक्षा की दृष्टि से रिफ्लेक्टर लगाए गए। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान सत्रह मील चौकी प्रभारी किशोर पंथ के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा। पुलिस कर्मियों ने भी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया।

इस मौके पर समाजसेवी ओमप्रकाश निषाद बाबा जी ने ट्रस्ट की पहल की सराहना की। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए इस प्रकार के जागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देने का काम करते हैं।

इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष ईश्वर सिंह, उपाध्यक्ष अमित कुमार, कोषाध्यक्ष शशिकला, महामंत्री सपन विश्वास, कुमारी ममता, वंदना तोमर, संजय कुमार और पीयूष राणा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने भविष्य में भी सड़क सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियान जारी रखने की बात कही।