नंदा जात यात्रा के बीच बेदनी बुग्याल में चमोली पुलिस का स्वच्छता अभियान

नंदा जात यात्रा के बीच बेदनी बुग्याल में चमोली पुलिस का स्वच्छता अभियान

स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

नंदा जात यात्रा के बीच चमोली पुलिस ने हिमालयी बुग्यालों की स्वच्छता का जिम्मा उठाते हुए बेदनी बुग्याल और पातर नचौणियां क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया। पुलिस जवानों ने यात्रा मार्ग और आसपास फैले कूड़े को एकत्र कर श्रद्धालुओं को स्वच्छता का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चमोली पुलिस ने जनसेवा और सामाजिक सहभागिता की दिशा में यह पहल की। अभियान का उद्देश्य सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है।

इन दिनों मां नंदा की पावन जात यात्रा कठिन और दुर्गम हिमालयी पड़ावों से होकर गुजर रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के यात्रा में शामिल होने के कारण प्राकृतिक और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना भी महत्वपूर्ण चुनौती बनी हुई है।

इसी को देखते हुए यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस जवानों ने बेदनी बुग्याल और पातर नचौणियां में स्वयं सफाई अभियान चलाया। जवानों ने यात्रा मार्ग पर बिखरे प्लास्टिक, पैकेट और अन्य कूड़े को एकत्र कर क्षेत्र को साफ किया।

चमोली पुलिस ने इस अभियान के जरिए संदेश दिया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी जनसेवा का हिस्सा है।

हिमालयी बुग्याल अपनी प्राकृतिक सुंदरता और संवेदनशील पारिस्थितिकी के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में यात्रा के दौरान इन क्षेत्रों में कचरा फैलने से पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से हिमालयी क्षेत्रों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

पुलिस जवानों ने श्रद्धालुओं और आमजन से कहा कि यात्रा मार्ग पर कूड़ा इधर-उधर न फेंकें और अपने साथ लाए गए प्लास्टिक तथा अन्य अपशिष्ट को निर्धारित स्थान पर ही डालें। धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक क्षेत्रों की पवित्रता बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

चमोली पुलिस का कहना है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छता के साथ जनजागरूकता, सेवा और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस का प्रयास है कि स्थानीय लोगों और यात्रियों को भी इन गतिविधियों से जोड़ा जाए।

नंदा जात यात्रा के दौरान पुलिस की इस पहल ने सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया है। हिमालयी बुग्यालों में सफाई करते पुलिस जवानों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि आस्था की यात्रा के साथ प्रकृति की रक्षा और स्वच्छता का संकल्प भी निभाएं।