

स्थान : खटीमा /ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर : अशोक सरकार

खटीमा तहसील क्षेत्र के वार्ड नंबर-04 इस्लाम नगर के निवासियों ने खराब सड़क और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की समस्या को लेकर प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


क्षेत्रवासियों के अनुसार, नई बस्ती फैजाने मदीना मस्जिद के पास गुड्डू के मकान से रियाज के मकान तक लगभग 180 मीटर लंबा मार्ग अभी भी कच्चा है और जगह-जगह गड्ढों से भरा हुआ है। बरसात के दौरान इस रास्ते में पानी भर जाने से कीचड़ फैल जाता है, जिससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।



स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर पड़ रहा है। बारिश के दिनों में बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से इस मार्ग पर टाइल्स या आरसीसी सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।


इसी संबंध में लोगों ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर सड़क निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया गया है, जबकि यह मार्ग बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है।
वहीं, वार्ड की एक महिला ने नंदा गौरा योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत भी प्रशासन से की है। महिला का कहना है कि परिवार रजिस्टर, अनुसूचित जाति प्रमाण-पत्र और अविवाहित प्रमाण-पत्र पर संबंधित सभासद के हस्ताक्षर और मुहर नहीं होने के कारण उनका आवेदन अधूरा रह गया है।


महिला ने उपजिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में मामले में हस्तक्षेप कर आवश्यक प्रमाण-पत्रों पर हस्ताक्षर और मुहर करवाने की मांग की है, ताकि उन्हें नंदा गौरा योजना का लाभ मिल सके। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करेगा।



