

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

धर्मनगरी हरिद्वार के बहुप्रतीक्षित गंगा कॉरिडोर योजना का मंगलवार को शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर पहले चरण में 235 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और भूमि पूजन किया। इसके साथ ही हरिद्वार के विकास को लेकर एक बड़े प्रोजेक्ट की शुरुआत हो गई।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गंगा कॉरिडोर योजना हरिद्वार की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। इस योजना से जहां धर्मनगरी की धार्मिक पहचान को और मजबूती मिलेगी, वहीं स्थानीय लोगों की आर्थिकी, रोजगार और सुविधाओं में भी वृद्धि होगी।



उन्होंने कहा कि हरिद्वार देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में यहां बेहतर व्यवस्थाएं, सुगम यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।


कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा सहित शासन और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी दी।

इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेला नियंत्रण भवन में आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।


सीएम धामी ने कांवड़ यात्रियों से भी अपील की कि वे धार्मिक यात्रा की पवित्रता बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी तरह तैयार है।

