

स्थान : ऊधम सिंह नगर (केलाखेड़ा)
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

ऊधम सिंह नगर जिले की केलाखेड़ा थाना पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में बुजुर्ग महिला से सोने के कुंडल लूट की घटना का महज 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने लूटे गए सोने के कुंडल, 380 रुपये नकद और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है।


पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को मजरा रहमतुल्ला निवासी नरेश कुमार ने डायल-112 पर सूचना दी कि उनकी बुजुर्ग माता सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उनके कानों से सोने के कुंडल छीन लिए और उन्हें खेत में धक्का देकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।



अगले दिन पीड़िता के पुत्र निशान सिंह की तहरीर पर थाना केलाखेड़ा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।


जांच के दौरान पुलिस ने लगभग 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया, 40 संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की और तकनीकी सर्विलांस, बीट पुलिसिंग तथा मुखबिर तंत्र की सहायता से लगातार छापेमारी की। इन प्रयासों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
19 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बोर नदी पुल के पास से रामस्वरूप (35 वर्ष), पुत्र रामदीन, निवासी चंदनपुरा, डाम वाली गली, थाना केलाखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लूटे गए सोने के कुंडल, 380 रुपये नकद और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गदरपुर स्थित एक राइस मिल में बॉयलर चलाने का काम करता है। उसने कई दिनों तक बुजुर्ग महिला की गतिविधियों पर नजर रखी और उन्हें अकेले टहलते हुए तथा कानों में सोने के कुंडल पहने देखा। लालच में आकर उसने सुनसान स्थान पर महिला को धक्का देकर उनके कुंडल लूट लिए। आरोपी कथित रूप से कुंडल बेचने के लिए रामपुर जाने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।


इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष मनीष खत्री के नेतृत्व में थाना केलाखेड़ा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घटना का त्वरित खुलासा होने पर क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है। पुलिस ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

