

राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के बीच बड़ी खबर सामने आई है। सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास ने दावा किया है कि केंद्र सरकार की ओर से बातचीत के लिए संपर्क किया गया है और उनका प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर सकता है।


सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि वह और पार्टी के अन्य प्रवक्ता आशुतोष रांका सरकार के बुलावे पर बातचीत के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीजेपी की मांगें स्पष्ट हैं और बड़ी संख्या में युवा इस आंदोलन में शामिल हुए हैं।

यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है, जब सीजेपी समर्थक जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च निकालने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इस मार्च की अनुमति नहीं दी थी। प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की स्थिति भी देखने को मिली।


सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास ने अपनी पोस्ट में लिखा कि सुबह सरकार की ओर से बातचीत के लिए संपर्क किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और यह देखा जाएगा कि सरकार उनकी मांगों पर क्या रुख अपनाती है।


वहीं दूसरी ओर सीजेपी नेता अभिजीत दीपके ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है। इससे पहले आंदोलन से जुड़े नेताओं की ओर से अनशन खत्म करने के लिए कुछ शर्तें रखी गई थीं, जिनमें सरकार से मुद्दों पर जवाब मांगने और संसद तक अपनी बात पहुंचाने की मांग शामिल थी।
बताया गया कि अनशन खत्म करने से पहले सरकार से शिक्षा व्यवस्था की खामियों, पेपर लीक जैसे मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग रखी गई थी। इसके अलावा संसद में इस विषय को उठाने के लिए राजनीतिक दलों के नेताओं से आश्वासन लेने की बात भी कही गई थी।

फिलहाल जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है और सभी की नजरें सीजेपी प्रतिनिधिमंडल और सरकार के बीच होने वाली संभावित बातचीत पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि इस बैठक के बाद आंदोलन की दिशा क्या होती है और मांगों को लेकर कोई सहमति बनती है या नहीं।



