

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

खटीमा की राजनीति में एक बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे अमन अरोड़ा और भाजपा के सक्रिय सदस्य बादल सक्सेना ने भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।


खटीमा स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अमन अरोड़ा और बादल सक्सेना ने कांग्रेस का दामन थामा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई और संगठन को मजबूत करने में सहयोग की उम्मीद जताई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



कांग्रेस में शामिल होने के बाद अमन अरोड़ा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पार्टी की जनविरोधी और दमनकारी नीतियों से नाराज होकर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना को कमजोर कर रही है।


अमन अरोड़ा ने हाल ही में हुए व्यापार मंडल चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में शासन और प्रशासन का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव का निरस्त होना इस बात का प्रमाण है कि व्यवस्था में कई सवाल खड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से छात्र, युवा, महिलाएं, व्यापारी, किसान, गरीब और मजदूर सहित समाज का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ही प्रदेश और देश को बेहतर दिशा देने में सक्षम है।

अमन अरोड़ा ने कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में खटीमा विधायक भुवन चंद्र कापड़ी को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ काम करेंगे।


कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक मौजूद रहे। भाजपा नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने के बाद खटीमा की सियासत में नए समीकरण बनने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

