मिशन 2027 की तैयारी में जुटा उत्तराखंड क्रांति दल, डोईवाला में नए कार्यालय का उद्घाटन

मिशन 2027 की तैयारी में जुटा उत्तराखंड क्रांति दल, डोईवाला में नए कार्यालय का उद्घाटन

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को डोईवाला विधानसभा के बालावाला क्षेत्र में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने नए पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद पार्टी की ओर से मिशन-2027 के तहत जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जनसंवाद कार्यक्रम में उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान उत्तराखंड के जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को लेकर लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया गया।

अपने संबोधन में सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल ने करीब डेढ़ वर्ष पहले ही विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी थीं। उन्होंने दावा किया कि अब पार्टी को प्रदेशभर में लगातार जनसमर्थन मिल रहा है और आम जनता का विश्वास यूकेडी के प्रति बढ़ रहा है।

कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन का नेतृत्व उत्तराखंड क्रांति दल ने किया था और आज एक बार फिर उसी विचारधारा के साथ लोग जुड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने इसे राज्य के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि उत्तराखंड के हितों की रक्षा के लिए जनता फिर से यूकेडी के साथ खड़ी हो रही है।

कार्यक्रम के आयोजक संजय चौधरी ने बताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए डोईवाला क्षेत्र से जनसंवाद अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित करेगी और उनकी समस्याओं को सुनकर उन्हें अपने राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनाएगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल का उद्देश्य केवल चुनावी तैयारी करना नहीं, बल्कि राज्य के मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाना भी है। पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर स्थानीय समस्याओं, विकास और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर लोगों से लगातार संवाद करेगी।

कार्यक्रम के अंत में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया। यूकेडी नेताओं का कहना है कि मिशन-2027 के तहत प्रदेशभर में इस प्रकार के जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि जनता के बीच संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।